भरुआसुमेरपुर। इंगोहटा रेलवे ट्रैक पर मिले युवती के शव के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
बांदा के बदौसा थाना क्षेत्र के मढ़वारा गांव निवासी खलील खान ने बताया कि उसने अपनी पुत्री सदरुनिंशा की शादी 15 जून को इंगोहटा निवासी शरीफ से की थी। शादी के बाद ही कम दहेज लाने का आरोप लगाकर पुत्री को प्रताड़ित करने लगे। एक लाख रुपये की और मांग कर रहे थे। 10 जनवरी को पुत्री ने अपनी मां और भाई को ससुरालीजनों की प्रताड़ना की जानकारी दी थी लेकिन रुपयों का इंतजाम न होने पर वह नहीं पहुंचा सका।
12 मार्च को दामाद शरीफ का फोन आया कि बेटी की लाश को देख जाओ। रेलवे ट्रैक पर लाश को देखने पहुंचा तो उसे प्रतीत हुआ कि बेटी की हत्या कर शव रखा गया है। पीड़ित पिता ने दामाद शरीफ, उसके पिता हमीद, मां गुड़िया व बड़े भाई हनीफ के खिलाफ दहेज में एक लाख की मांग और न देने पर हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर रखने का आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस द्वारा सुनवाई न किए जाने पर पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।