सरीला (हमीरपुर)। सरीला कस्बे में ममना रोड स्थित पेट्रोल पंप पर 10 नवंबर की रात ताबड़तोड़ फायरिंग करने व पेट्रोल पंप मालिक रविंद्र सिंह उर्फ रिंक के घर पर तोड़फोड़ करने में शामिल तीन बदमाशों को जरिया व जलालपुर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को राठ कस्बे में हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल एक बदमाश 25 हजार का इनामी है। वहीं, हाथ में गोली लगने से एक सिपाही भी घायल हुआ है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सरीला कस्बे के हटवारा निवासी गैंगेस्टर एक्ट में वांछित वीरपाल उर्फ बंटा व उसके अन्य साथियों ने ममना रोड स्थित पेट्रोल पंप पर 10 नवंबर की रात ताबड़तोड़ फायरिंग कर तोड़फोड़ की थी। इसके बाद पेट्रोल पंप मालिक रविंद्र सिंह उर्फ रिंक के घर जाकर तोड़फोड़ की थी।
एसपी कमलेश कुमार दीक्षित ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि पेट्रोल पंप पर हमला करने वाले आरोपी राठ कस्बे में हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
इस पर सरीला क्षेत्राधिकारी विवेक यादव के नेतृत्व में स्वॉट टीम के साथ जरिया व जलालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बाइक से जा रहे बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो उन लोगों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की गोली से सिपाही जितेंद्र घायल हो गए।
बचाव में पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में वीरपाल उर्फ बंटा पैर में गोली लगने से घायल हो गया, पुलिस ने उसे दबोच लिया। मुठभेड़ में वीरपाल उर्फ बंटा का भाई जिला बदर अपराधी विक्की उर्फ वीरेंद्र व चंडौत निवासी परमराज राजपूत को भी पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक तीनों शातिर किस्म के अपराधी हैं। घायल वीरपाल उर्फ बंटा के खिलाफ 18 मुकदमे दर्ज हैं। इस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित है। विक्की उर्फ वीरेंद्र पर नौ मामले दर्ज हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।