भरुआसुमेरपुर। ललपुरा थानाक्षेत्र के ग्राम पौथिया में पत्थरबाजी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक युवक ने दूसरे का चाकू से गला रेत दिया। घायल युवक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।
ललपुरा थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि शुक्रवार की रात पौथिया गांव निवासी विजय निषाद एवं अजय निषाद के मध्य पत्थरबाजी करने को लेकर विवाद हो गया। गाली गलौज के बाद तैश में आए अजय ने विजय के पुत्र गुलाब निषाद का गला रेत दिया। वहीं बीच बचाव कर रही अजय निषाद की बहन रोशनी को विजय के पक्ष के लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। गुलाब को गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर एक दूसरे के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं घायल गुलाब ने बताया कि अजय चोरी की नीयत से उनके घर घुसा था। उसके जाग जाने पर उसने चाकू से गला रेतकर घायल कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि गुलाब शराब के नशे में धुत होकर अजय निषाद के घर देर रात पत्थरबाजी कर रहा था। चपेट में आकर उसकी बहन रोशनी लहूलुहान हो गई। बहन को लहूलुहान देखकर अजय निषाद ने गुलाब पर हमला बोल दिया और चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।