राठ। कोतवाली क्षेत्र के नौहाई गांव के पूर्व प्रधान व वरिष्ठ अधिवक्ता के पुत्र ने गुरुवार की शाम जहर खा लिया। इलाज के लिए झांसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया है।
नौहाई गांव निवासी रामप्रकाश राजपूत वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और वह गांव के प्रधान भी रह चुके हैं। गुरुवार की शाम उनके पुत्र देवेंद्र कुमार उर्फ लल्लू (38) ने जहर खा लिया। जानकारी होने पर परिजनों ने सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से उरई रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार न होने पर उरई से झांसी रेफर किया गया। झांसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजन आत्महत्या की वजह नहीं बता सके।
अधिवक्ता पुत्र के निधन की खबर सुनते ही शोक की लहर दौड़ गई। अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए शोकसभा की। शोक जताने वालों में अधिवक्ता संघ एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन रामपाल सिंह यादव, अध्यक्ष गनपत सिंह महान, महामंत्री सोहित मिश्रा, अखिल नगायच, जमुनादीन राजपूत, सुरेंद्र द्विवेदी, जय सिंह लोधी, रूपेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।
जहर खाने से महिला की मौत
सरीला। कस्बे के हटवारा मोहल्ले में शुक्रवार को घरेलू कलह में महिला ने जहर खा लिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हटवारा मोहल्ला निवासी लाखन सिंह यादव की पत्नी रेखा (44) ने पारिवारिक कलह के चलते जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जरिया थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि जिला अस्पताल में महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।