सरीला। जलालपुर थाना पुलिस ने हत्या की अलग-अलग घटनाओं के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि पुरैनी गांव में पांच अक्तूबर से गायब वैदेही शरण (45) का शव लगभग एक माह बाद उसी के घर के बाड़े में बने कुएं में बरामद हुआ था। मां ने उसकी पत्नी शिव कुमारी व छोटे भाई निरंजन उर्फ बबलू तथा साले रमाकांत निवासी करही के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया था। विवेचना में मृतक के पिता प्रताप लोधी को भी आरोपी बनाया गया था। मामले के तीन आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं। गुरुवार को चौथे आरोपी प्रताप लोधी को भी गांव से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
इधर, बिलगांव गांव में सत्यनारायण की जमीन के विवाद को लेकर उसके भाई चंद्रशेखर व भतीजे शिवकांत तथा राजेंद्र ने कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया था। घटना के पांच दिन बाद बुधवार को मामले के हत्यारोपी शिवाकांत को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया था। गुरुवार को उसके पिता चंद्रशेखर को भी गांव से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।