राठ। मझगवां थाने के गिरवर गांव में दबंगों ने सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट की। इससे सफाई कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। कर्मचारियों ने पूर्व प्रधान के प्रतिनिधि के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
नगर के सिकंदरपुरा मोहल्ला निवासी राजू ने बताया कि गिरवर ग्राम पंचायत में सफाई कर्मचारी के तौर पर तैनात है। सोमवार दोपहर करीब एक बजे प्रधान के निर्देश पर गांव के चौराहे में सफाई कर रहे थे। वहां तेज सिंह दो साथियों को लेकर पहुंचा और गाली गलौज की। विरोध करने पर लाठी डंडों से पीट दिया। पीड़ित ने बताया कि तेज सिंह पूर्व प्रधान का प्रतिनिधि रहा है। मारपीट की जानकारी होने पर सफाई कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। मनीराम पासवान, इंद्रपाल, परमेश्वरीदयाल, हरीसिंह, प्रेमनारायण, रामबाबू, सर्वेश, राजेंद्र, देवीप्रसाद, मंगल, पीर खां, हरिकिशन, पृथ्वीराज, इदरीश, जयसिंह, गयादीन, कौशल किशोर आदि सफाई कर्मचारियों ने ब्लाक पहुंच कर विरोध जताया। सहायक विकास अधिकारी की संस्तुति पर सफाई कर्मचारियों ने थाने में तहरीर दी। मझगवां थानाध्यक्ष पंधारी सरोज ने कहा कि तहरीर मिली है, मुकदमा दर्ज कर मामले में जांच व कार्रवाई करेंगे।