कुरारा (हमीरपुर)। नायब तहसीलदार की अगुवाई में खनिज टीम ने बुधवार शाम बेरी गांव की मौरंग खदान में निरीक्षण किया। पट्टा धारक निर्धारित क्षेत्र से हटकर खनन करता पाया गया। मौके से तीन पोकलैंड और एक जेसीबी को सीज किया है। निकाली गई मौरंग की जांच के निर्देश खनिज अधिकारी को दिए हैं।
बेरी निवासी नितिन सिंह, मुकेश शिवहरे, पवन सिंह, फारूक ने अधिकारियों से शिकायत की थी कि बेतवा नदी के मौरंग खंड में खनन हो रहा है। इसमें पोकलैंड का इस्तेमाल किया जा रहा है। एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संजय मीणा के निर्देश पर नायब तहसीलदार राधेश्याम ने बुधवार शाम टीम के साथ जांच की। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि टीम ने तीन पोकलैंड व जेसीबी पकड़ी है। इन मशीनों को सीज कर बेरी पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है।
कहा मौके पर खोदी गई मौरंग की नापजोख के लिए खनिज अधिकारी को निर्देशित किया गया है। बताया कि नरायनपुर और कुछेछा में मौरंग भरे दो ओवर लोड ट्रक पकड़े हैं। इन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।