राठ। जरिया थानाक्षेत्र के तुरना गांव में चोरी का प्रयास कर रहे बदमाशों पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस पर बदमाशों ने हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। गांव में हो रहीं चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
तुरना गांव निवासी बलवंत अनुरागी ने बताया कि उनके भतीजे लक्ष्मण अनुरागी गांव में जनरल स्टोर व जूता चप्पल की दुकान किए हैं। मंगलवार रात करीब एक बजे चोर उनकी दुकान की कुंड़ी कटर से काट रहे थे। आहट मिलने पर झांककर देखा तो आधा दर्जन लोग दुकान में घुसने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने पथराव करते हुए मदद के लिए शोर मचाया। जिस पर चोर फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले।
बलवंत ने बताया कि बीस दिन पूर्व उनके भाई ऊदल अनुरागी सहित तीन घरों से लाखों के जेवरात व नगदी चोरी हुई थी। बताया कि गांव में अनेक चोरी की घटनाएं हो चुकीं हैं। चोरों द्वारा फायरिंग करने से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की। जरिया एसओ रामआसरे सरोज ने कहा कि चोरी के प्रयास की सूचना मिली है। मौके पर पुलिस फोर्स भेज कर मामले की जांच कराई जा रही है।