राठ। वाहन चेकिंग के दौरान गल्ला व्यापार संघ के पूर्व अध्यक्ष व ट्रैफिक सिपाही के बीच विवाद हो गया। व्यापारियों ने सिपाही पर मारपीट व अभद्रता का आरोप लगा कोतवाली में तहरीर दी।
नगर के चरखारी रोड मोहल्ला निवासी आशीष ने बताया कि उनके पिता महेशचंद्र गल्ला व्यापार संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं। बताया कि बुधवार को मुनीम व एक अन्य व्यक्ति के साथ बाइक से मंडी जा रहे थे। मंडी गेट के पास यातायात पुलिस कर्मी ने तीन सवारियां होने पर उन्हें रोक कर अभद्रता की। बताया कि उन्होंने चालान काटने की बात कही जिस पर नाराज होकर उनके साथ मारपीट कर दी। आक्रोशित व्यापारी यातायात कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर कोतवाली पहुंच गए। कोतवाल राजेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है। (संवाद)