हमीरपुर। भरुआसुमेरपुर कस्बे के बौरा के हाते में रविवार को अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। इसमें ट्रैक्टर, ट्राली व भूसा जलकर राख हो गया।
रविवार को ऊंछा थोक निवासी बौरा धुरिया के हाते में दोपहर करीब दो बजे अचानक आग भड़क उठी। इससे अंदर खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली व भूसा जल गया। फायरब्रिगेड की टीम ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गृहस्वामी बौरा धुरिया ने बताया कि आग से उनका करीब 50 हजार कीमत का भूसा राख हुआ है। साथ ही हाते में खड़ा बबलू सिंह का ट्रैक्टर, कामता तिवारी की ट्राली जल गई है। बताया कि बबलू सिंह को करीब 50 हजार की क्षति पहुंची है। ट्राली के टायर जलने से कामता तिवारी का 40 हजार का नुकसान हुआ है। आग कैसे लगी इसका कारण फिलहाल अज्ञात है। सभासद शिवाकांत तिवारी ने घटना से कस्बे के लेखपाल को अवगत कराया है। (संवाद)