हमीरपुर। सरीला-बिवांर मार्ग पर हरसुंडी गांव के पास सड़क किनारे बेहोशी हालत में बाइक सवार राजमिस्त्री पड़ा मिला। सीएचसी से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
108 एंबुलेंस टीम के पायलट हरिओम व ईएमटी विमल कुमार ने बताया कि शनिवार रात सरीला-बिवांर मार्ग पर बरगवां और ममना गांव के बीच हरसुंडी संपर्क मार्ग के पास सड़क किनारे बाइक सवार युवक बेहोश पड़ा था। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जानकारी दी। इस पर युवक को कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया कि युवक की पहचान शिवपाल (28) निवासी मंगरौल के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचित किया है। युवक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल के परिजनों ने बताया कि शिवपाल राजमिस्त्री का काम करता है। (संवाद)