मौदहा। कस्बे में 25 जून को हाईवे पर एक टायर व्यापारी के ऊपर जानलेवा हमला करने वाले शातिर आरोपी महेंद्र यादव को एसटीएफ व एटीएस की टीम ने गिफ्तार किया है। लंबे समय से फरार आरोपी पर 50 हजार का इनाम घोषित था। उस पर विभिन्न थानों में नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
25 जून की देर शाम कस्बे के राजमार्ग स्थित एक टायर्स शोरूम पर महेंद्र यादव समेत चार युवकों ने मालिक अंकित शिवहरे से उधार टायर न देने पर तमंचे से फायर झोंक दिया था। लेकिन किसी तरह अंकित बच गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच के साथ आरोपी महेंद्र के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। मगर वह पकड़ में नहीं आया।
जिस पर पुलिस ने महेंद्र सिंह यादव के ऊपर 50 हजार का इनाम घोषित किया और लगातार संभावित स्थानों पर दबिश देती रही। इसके बाद घटना के आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमों के अलावा एसटीएफ को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। गुरुवार को कस्बे के नेशनल रोड मुर्गी फार्म के पास से उसे तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया है। टीम में एसटीएफ के उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह यूनिट प्रयागराज, मुख्य आरक्षी प्रभजन पांडेय, कांस्टेबल अजय यादव, संतोष कुमार, रोहित सिंह, रविकांत व कोतवाली के कांस्टेबल गौरव भदौरिया, मनीष पाल रहे।