भरुआसुमेरपुर (हमीरपुर)। पुलिस ने मंगलवार रात नेशनल हाईवे पर ब्लॉक कार्यालय के पास मुठभेड़ में तीन अंतर्राज्यीय पशु चोरों को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार कर चोरी की छह बकरियां बरामद की हैं। मुठभेड़ के बाद दो चोर मौके से फरार हो गए। पकड़े गए चोरों के खिलाफ जिले के ललपुरा व राठ और रायबरेली के लालगंज थाने में पशु चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। चोरों के पास से एक कार भी बरामद हुई हैं।
थानाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया मंगलवार रात करीब एक बजे बिलहड़ी निवासी दीपचंद की दो बकरियां बरामदे से गायब हो गईं थीं। इसी तरह बांकी निवासी राधेश्याम की दो बकरियां रात में चोरी हो गईं थी। पशु पालकों ने रात में ही चोरी की घटना की जानकारी दी। बताया मुखबिर से सूचना मिली एक कार में कुछ लोग घूम रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस पर रात में ही कानपुर-सागर हाईवे पर ब्लाक कार्यालय के समीप कार को रोकने की कोशिश की। पुलिस से घिरा देख चालक कार को मोड़कर भागने लगा। इसी बीच कार गड्ढे में फंस गई।
घेराबंदी देख चोरों ने पुलिस पार्टी पर फायर झोंक दिया। किसी तरह पुलिस ने तीन चोरों को कार समेत दबोच लिया। दो चोर मौके से भाग निकले। थानाध्यक्ष ने बताया पकड़े गए चोरों में अजय पासी निवासी बहलोलपुर ऐलई थाना खागा फतेहपुर, कामता केवट निवासी धुंधपुर, मो. नूह निवासी आबूनगर कोतवाली फतेहपुर के पास से दो तमंचा, छह कारतूस, एक खोखा, 6 बकरी, एक कार व तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
बताया गुड्डू उर्फ मोहम्मद सुहैल, नीरज उर्फ नीर कहार निवासी ग्राम बहलोलपुर ऐलई थाना खागा, फतेहपुर फरार हो गए हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय हैं। गिरफ्तारी के दौरान थानाध्यक्ष के साथ दरोगा नंदकिशोर यादव, रणजीत बहादुर, राजेशचंद्र मिश्रा, कांस्टेबल अमन सिंह, जगत सिंह, संदीप कुमार, सुरेंद्र मिश्रा, कृष्णकुमार, ज्ञानेंद्र कुमार, विकास मिश्रा मौजूद रहे।