राठ। कोतवाली क्षेत्र के टिकरिया गांव में करीब तीन माह पूर्व युवक की मौत हो गई थी। पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए अधिकारियों से मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई थी। सुनवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। टिकरिया निवासी सरमन ने बताया 13 अप्रैल रात करीब नौ बजे गांव के ही तीन लोग उनके पुत्र अवधेश को बहला फुसलाकर घर से लिवा ले गए थे। सुबह चार बजे राहुल के घर के पास वह बेहोशी की हालत में पड़ा मिला था।
बताया पुत्र अवधेश से पूछने पर उसने तीन लोगों पर शराब में जहर मिलाकर पिलाने की बात कही थी। बेटों को मेडिकल कालेज उरई ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई थी। पिता ने प्रधानी के चुनाव की रंजिश से हत्या करने का आरोप लगाया था। बाद में कोर्ट के आदेश पर गांव के ही राहुल बरदा, कपिल व जितेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच के आदेश कोतवाली पुलिस को दिए हैं। कोतवाल राजेशचंद्र त्रिपाठी ने कहा मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।