भरुआसुमेरपुर। बुधवार रात गृहकलह से परेशान एक युवा किसान ने घर पर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक किसान पर करीब चार लाख रुपये का बैंक कर्ज था। मृतक अपने पीछे पत्नी व एक वर्ष के एकलौते पुत्र को छोड़ गया है। घटना से मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सुमेरपुर थानाक्षेत्र के टेढ़ा गांव निवासी शिव कुमार अवस्थी (32) बुधवार रात 11 बजे घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे परिजनों में कोहराम मचा है। घटना के समय घर पर मृतक की पत्नी गुड्डन देवी व सास-ससुर मौजूद थे। घटना की सूचना पर घर आए मां और भाई भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि पत्नी से कलह होने से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है। मृतक के भाई की सूचना पर आई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। भाई राजकुमार ने बताया उनके ऊपर करीब चार लाख रुपये का कर्ज था। थानाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया गृहकलह के चलते घटना घटित हुई है।