राठ मार्ग में स्वासा गांव के पास पलटी पड़ी क्रूजर।
- फोटो : HAMIRPUR
पौथिया (हमीरपुर)। ललपुरा थाना क्षेत्र में राठ हाईवे पर अचानक सामने आए अन्ना मवेशी से बचने के प्रयास में सवारियों से भरा क्रूजर गड्ढे में पलट गया। हादसे में 12 सवारियां घायल हो गईं। आठ की हालत गंभीर होने पर छानी सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। गंभीर रूप से घायल आठ वर्षीय बालक की रास्ते में दम तोड़ दिया।
हमीरपुर से क्रूजर गाड़ी में 24 सवारियां लेकर ड्राइवर राठ हाईवे पर बिवांर कस्बे की ओर जा रहा था। ललपुरा थानाक्षेत्र में स्वासा गांव के पास गोशाला के समाने सड़क पर अचानक सामने आए अन्ना मवेशी से बचने के प्रयास में चालक से अनियंत्रित क्रूजर गड्ढे में पलट गया। हादसे में चालक इंद्रेश समेत 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का छानी सीएचसी पहुंचाया। यहां से आठ वर्षीय अंश, उनकी मां रेखा (25) व पिता गुलजारी लाल (30) निवासी बिवांर, इंद्रप्रकाश (40) निवासी निवादा, शिवबरन (73) निवासी सफीगंज जनपद फतेहपुर, घनश्याम (70) निवासी मुस्करा, नजरा (32) पत्नी उनकी बेटी अरय्या (15) पुत्री गुलाम मुस्तफा निवासी छानीखुर्द, चालक इंद्रेश सिंह (32) निवासी निवादा को छानी सीएचसी ले जाया गया। इनमें चालक को मामूली चोट होने पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अन्य आठ लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अंश की एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है।
रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर लौट रहा था अंश
गुलजारी लाल, अपनी पत्नी रेखा और बेटे अंश के साथ कानपुर निवासी रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होकर शुक्रवार को घर लौट रहे थे। इसी दौरान ललपुरा थानाक्षेत्र में हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल बेटे अंश की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।