हमीरपुर। जिला हमीरपुर में कोरोना को मात देने वाले लोगों का आंकड़ा सौ से उपर जा पहुंचा है। जिला में 104 कोरोना संक्रमितों ने महामारी पर विजय पा ली है। इसके साथ ही जिला में अब कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या महज 26 रह गई है। पूर्व में जिला में कोरोना संक्रमितों के कुल मामले 131 थे। लेकिन कोविड-19 केयर सेंटर में आइसोलेट रहने के बाद सौ सेे अधिक लोगों ने स्वास्थ होकर सकुशल घर वापसी की है। पूर्व में जो हालात हमीरपुर जिला में थे, अब वैसे ही हालात कांगड़ा जिला में हैं।
कांगड़ा जिला ने हमीरपुर जिला के कोरोना संक्रमितों के सर्वाधिक 131 की रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। कांगड़ा में कोरोना संक्रमितों की संख्या 143 पहुंच गई है। हालांकि सक्रिय मामले जिला में 62 ही हैं। शेष लोग स्वास्थ्य होकर घर जा चुके हैं। हमीरपुर के लिए सुखद पहलू यह है कि कोविड-19 समर्पित स्वास्थ्य संस्थान भोटा में अभी कोई मरीज दाखिल नहीं है। समर्पित कोविड केयर सेंटर, हमीरपुर में दाखिल मरीज भी निरंतर स्वस्थ हो रहे हैं।
सीएमओ हमीरपुर डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि समर्पित कोविड केयर सेंटर, (एनआईटी) हमीरपुर से कोविड-19 संक्रमित आठ मरीजों को स्वस्थ होने के उपरांत डिस्चार्ज किया जा रहा है। स्वस्थ हुए लोगों में नाहलवीं गलोड़ की 28 वर्षीय महिला, धनेटा के बथ्रू से 30 वर्ष की महिला, हमीरपुर के वार्ड नंबर-8 से 35 वर्ष की महिला, बड़सर ब्लॉक के चंगर से 43 वर्षीय व्यक्ति, नादौन के कश्मीर से 26 वर्षीय महिला, बड़सर ब्लॉक से 29 वर्षीय पुरूष, गलोड़ क्षेत्र के फाहल से एक 15 वर्षीय लड़की तथा हमीरपुर के बजूरी से एक 46 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं।
इन सभी मरीजों को ठीक होने पर उनके घर गृह संगरोध में भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि 14 जून को जिला में 90 सैंपल लिए गए तथा सोमवार को इन्हें जांच के लिए आईएचबीटी पालमपुर भेज दिया गया है। इसमें चिकित्सा खंड भोरंज से 6, सुजानपुर से 68, गलोड़ से 4, बड़सर से 11 तथा डॉ0 आरकेजीएमसी हमीरपुर से एक नमूना लिया गया। उन्होंने कहा कि इस समय जिला हमीरपुर में 227 लोग संस्थागत संगरोध में रह रहे हैं।
---