राठ। अधिकारियों ने कृषि भूमि की पैमाइश कराकर हदबंदी के आदेश दिए हैं, मगर राजस्व कर्मचारियों की ओर से पालन नहीं किया जा रहा है। किसान ने कर्मचारियों पर सुविधा शुल्क के बिना काम न करने का आरोप लगा अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा है। औंता निवासी नंदलाल ने बताया मढ़ा मौजा की कृषि भूमि के लिए उपजिलाधिकारी न्यायालय में एक वाद दायर किया था।
23 नवंबर 2020 को न्यायालय ने पैमाइश का आदेश पारित किया था। आदेश का अनुपालन न होने पर 5 जुलाई को उन्होंने एसडीएम को प्रार्थना पत्र सौंपा था। जिस पर उन्होंने राजस्व निरीक्षक व लेखपाल के माध्यम से हदबंदी करा तीन दिन में आख्या प्रस्तुत करने के आदेश दिए थे। किसान का आरोप है सुविधा शुल्क न देने पर लेखपाल व राजस्व निरीक्षक हदबंदी नहीं कर रहे हैं। अनेक बार संपर्क के बावजूद अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। जिससे उनका कृषि कार्य बाधित है। (संवाद)