हमीरपुर। जिले के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र प्रभार स्टांप एवं न्यायालय शुल्क और पंजीयन विभाग रवींद्र जायसवाल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। भ्रमण के दौरान पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने 43 लोगों को राशन किट व 1610 को लंच पैकेट बांटे। इसके बाद समीक्षा बैठक ली।
बैठक में डीएम ज्ञानेश्वर त्रिपाठी ने बताया कृषि क्षेत्रफल के कुल 62 गांव प्रभावित हैं। जिसमें विकास खंड कुरारा के 38, सुमेरपुर के 24 गांव हैं। उन्होंने बाढ़ से निपटने की हुईं तैयारियों की जानकारी दी। कहा कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। बाढ़ के राहत कार्यों के लिए एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीमों से बात कर ली है। डीएम ने कहा जिले में दो राहत कैंप खोले गए हैं। जिसमें कुछेछा डिग्री कालेज में 1700 परिवार व विद्या मंदिर में 54 परिवारों की रहने की व्यवस्था की गई है। साथ ही 1100 प्रभावित पशुओं को भी विस्थापित किया गया है।
मंत्री ने किसानों के हुए नुकसान का सर्वे कराकर बीमा कंपनियों से भरपाई 30 दिन के अंदर कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी मंत्री ने कलक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण किया। डीएफओ से कहा कोयलिया की पौध लगाएं। इसकी लकड़ी खिलौने आदि बनाने से लोगों को रोजगार मिलेगा। इस मौके पर सदर विधायक युवराज सिंह, राठ विधायक मनीष अनुरागी, जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत, एसपी कमलेश दीक्षित, सीडीओ केके वैश्य, डीडीओ विकास मिश्रा, एडीएम विनय प्रकाश श्रीवास्तव आदि रहे।
सबस्टेशन में बाढ़ का पानी घुसा
हमीरपुर। शहर के कई मोहल्लों को बिजली मुहैया करा रहा डिग्गी रमेड़ी मोहल्ले का सबस्टेशन बाढ़ से घिर गया। जलभराव होने पर बिजली काट दी गई। जिससे डिग्गी, लक्ष्मी बाई पार्क, रमेड़ी तरौस, कांशीराम कालोनी, मौदहा बांध कालोनी, मेरापुर, भिलांवा सहित अन्य मोहल्ले अंधेरे में डूबे हैं। वहीं बिजली आपूर्ति ठप होने से मोहल्लों में पानी नहीं पहुंचा। बाढ़ पीड़ितों की शिकायत पर पावर कारपोरेशन ने इन मोहल्लों को शहर के दूसरे सबस्टेशन से जोड़ कर बिजली मुहैया कराई है।
40 मिनट यमुना व बेतवा पुल रहे जाम
हमीरपुर। यमुना व बेतवा का जलस्तर बढ़ने लोगों की धड़कने तेज हैं। रविवार शाम करीब छह बजे यमुना पुल में वाहनों के गुजरने की गति धीमी हो गई। वहीं छोटे वाहन चालक अपने वाहनों को भगाने लगे। तभी हाईवे में पुल के ऊपर जाम लग गया। देखते ही देखते जाम बेतवा पुल के ऊपर तक जा पहुंचा। बाढ़ की भयावह स्थित देख बसों से सफर कर रहे लोगों की धड़कने तेज हो गईं। वहीं पुल के ऊपर बाढ़ देखने वालों का पूरे दिन मेला सा लगा रहा। सूचना पर पुलिसकर्मियों ने आवागमन शुरू कराया। करीब 40 मिनट लोग जाम में फंसे रहे।