हमीरपुर। बेतवा पुल पार चंदौलीतीर के ग्रामीणों ने राहत सामग्री वितरण सूची में भेदभाव का आरोप लगा मंगलवार को हाईवे पर चार बार जाम लगाया। हुआ यह मुख्यमंत्री के आने की सूचना पर ग्रामीण राजकीय डिग्री कालेज पहुंचे और जाम लगाकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। इसकी जानकारी होने पर एसडीएम, तहसीलदार व सीओ ने हर बार पहुंचकर समझाकर जाम खुलवाया।
यमुना और बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ने से जिले के 90 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। ग्रामीण अपना सामान व परिवार समेत हाईवे के किनारे व राहत केंद्र में डेरा डाले हैं। सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक प्रेम प्रकाश व कमिश्नर दिनेश कुमार व डीआईजी के सत्यनारायण बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने आए थे। तब अमिरता के ग्रामीणों ने हाईवे में जाम लगाकर राहत सामग्री वितरण में भेदभाव करने का आरोप लगाया था।
वहीं मंगलवार को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ का जनपद दौरा होने पर चंदौलीतीर के ग्रामीणों ने राहत सामग्री वितरण सूची में नाम शामिल न करने को लेकर लेखपाल पर भेदभाव का आरोप लगाते चार बार हाईवे जाम किया। लेकिन सीएम के आगमन के इंतजाम में लगे अधिकारियों में एसडीएम, तहसीलदार व सीओ पहुंचे। ग्रामीणों को हर मदद का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।