भरुआसुमेरपुर। मौहर गांव में बुधवार रात आधा दर्जन किसानों की 20 बीघे में खड़ी खरीफ की फसलें अन्ना गोवंश चट कर गए। किसानों ने बीडीओ को संबोधित ज्ञापन एडीओ पंचायत को सौंपा और अन्ना गोवंश बंद कराने की गुहार लगाई है।
अन्ना घूम रहे मवेशी किसानों के लिए सिरदर्द बने हैं। सचिव व प्रधान जानवरों को संरक्षित करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। अधिकारियों को गुमराह करने के लिए शाम के समय कुछ गोवंश स्थायी गोशालाओं में चंद मिनट के लिए बंद कर वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराकर रिहा कर देते हैं। बुधवार रात मौहर निवासी किसान रामबाबू यादव व शिवशंकर सिंह की दो-दो बीघा मूंगफली, फूलसिंह यादव की दो बीघा ज्वार, पवन कुमार की पांच बीघा मूंगफली, कल्लू निषाद की 5 बीघा ज्वार, सजीवन की 4 बीघा की ज्वार को अन्ना मवेशियों ने नष्ट कर डाला।
पीड़ित किसानों ने बीडीओ को संबोधित ज्ञापन एडीओ पंचायत सत्यप्रकाश गुप्ता को सौंप अन्ना गोवंश संरक्षित करने की मांग की है। किसानों ने इस समस्या से ब्लॉक प्रमुख जयनरायन सिंह यादव को भी अवगत कराया है। ब्लाक प्रमुख ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वालों में बलभद्र, रामभजन, रामजीवन, श्रीराम, प्यारेलाल, शिवशंकर सिंह, शिवगोपाल, गयादीन, फूल सिंह, पवन कुमार आदि किसान शामिल रहे।
हर दशा में संरक्षित हों अन्ना गोवंश : बीडीओ
भरुआसुमेरपुर। अन्ना गोवंश को संरक्षित करने के लिए ब्लाक सभागार में गुरुवार को बैठक हुई। जिसमें प्रधानों व सचिवों को तत्काल गोवंश संरक्षित करने के कड़े निर्देश दिए गए। ब्लॉक में करीब छह हजार अन्ना गोवंश सड़कों पर भटक रहे हैं। लगातार मिल रही शिकायतों से आजिज बीडीओ दिव्या त्रिपाठी ने बैठक में पशुपालन विभाग, वन विभाग व सचिवों के साथ प्रधानों को बुलाया। बैठक में बेसहारा गोवंश को संरक्षित करने के लिए विस्तार से मंथन किया गया। निर्णय लिया कि बेसहारा गोवंश अस्थायी गोशालाओं में पूर्ण रूप से संरक्षित किए जाएं।
दिन में चरवाहों के साथ चरने के लिए बाहर निकाला जाए। चरवाहों के साथ चौकीदारों के इंतजाम कराया जाए। ताकि रात्रि में अराजकतत्व इनको बाहर न कर सकें। बैठक में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकुर सचान, एडीओ पंचायत सत्यप्रकाश गुप्ता, डिप्टी रेंजर जगन्नाथ प्रजापति, एपीओ विकास कुमार, सचिव बृजेश शुक्ला, रामसेवक वर्मा, अरविंद सोनी, मनोज गुप्ता, अरविंद पाल, अनामिका पांडे, सोनाली सचान, साधना सिंह, बालेश्वर द्विवेदी, स्वाति शर्मा के अलावा सभी ग्राम प्रधान मौजूद रहे। (संवाद)