मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे में नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार तड़के अगला टायर फटने से बेकाबू हुई कार सड़क किनारे पैदल जा रहे बैंककर्मी और एक ई-रिक्शा को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खाई में जा घुसी। हादसे में बैंककर्मी की मौत हो गई जबकि ई रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के उरदना गांव निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि भाई बृजेश शर्मा उर्फ काका (55) कस्बे के मराठीपुरा में रहते थे। वह कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर स्थित आर्यावर्त बैंक में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। बृहस्पतिवार सुबह बड़े चौराहे के पास अपने प्लॉट को देखने जा रहे थे। इसी दौरान मंडी समिति के आगे कानपुर की ओर से आ रही अर्टिगा कार का अगला टायर फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर बृजेश और बगल से निकल रहे ई-रिक्शा को टक्कर मारते हुए खाई में जा घुसी।
हादसे में बृजेश व ई रिक्शा चालक नरेश (32) गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि ई रिक्शा भी क्षतिग्रस्त हो गया। कोतवाली पुलिस दोनों को सीएचसी ले गई जहां डॉक्टर ने बृजेश को मृत घोषित कर दिया। बृजेश की माैत से पत्नी उर्मिला, दो बेटियों व एक बेटे बिलखते रहे। सुरेश ने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।