मौदहा सीएचसी में धरना प्रदर्शन करती आशा कार्यकर्ता।
- फोटो : HAMIRPUR
मौदहा/सरीला। कोरोना काल की प्रोत्साहन राशि न मिलने से नाराज आशा कार्यकर्ताओं नेे बुधवार को सीएचसी परिसर में नारेबाजी कर हंगामा किया। वहीं एक सीएचसी कर्मी पर आरोप लगाया कि सरकार की ओर से मिलने वाली साड़ी के लिए उनसे 200 रुपये की मांग की जा रही है। सीएचसी अधीक्षक जयप्रकाश साहू ने शीघ्र बकाया दिलाने का आश्वासन देकर शांत कराया। बताया कि बजट नहीं आया है। बजट आते ही भुगतान करा दिया जाएगा। आशा कार्यकर्ताओं ने धनराशि न मिलने पर काम बंद कर आंदोलन की चेतावनी दी।
कोरोना काल में बेहतर काम करने की एवज में आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि के 12 हजार मिलने थे। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरपी वर्मा ने बताया कि प्रोत्साहन राशि का बजट शासन से नहीं मिला है। उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। सुविधा शुल्क मांगने का आरोप झूठा है। प्रदर्शन में राजो, तिजिया, आरती, मीना, नफीसा, देवकुंवर, संतोष रानी, शकुन सहित दो दर्जन से अधिक आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं। इधर, सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि ड्रेस यानी साड़ी के लिए रुपये मांगने के आरोप निराधार हैं। खातों में ड्रेस की धनराशि भेजी जानी है। सरीला संवाद के अनुसार आशा कार्यकर्ताओं ने सीएचसी में प्रदर्शन किया। दो स्वास्थ्य कर्मियों पर भुगतान के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने का भी आरोप लगाया है।
मौदहा सीएचसी में प्रदर्शन कर रही आशा कार्यकर्ताओं को समझाते अधीक्षक जयप्रकाश साहू।- फोटो : HAMIRPUR