राठ (हमीरपुर)। गर्भवती महिलाओं ने खून जांच में देरी व एलटी पर अभद्रता करने का आरोप लगा सीएचसी में हंगामा किया। इस मामले की आशा कार्यकर्ताओं ने शिकायती कर कार्रवाई की मांग की है। बतादें प्रत्येक माह की 9 तारीख को सीएचसी की मैटरनिटी विंग में मातृ दिवस का आयोजन किया जाता है। जिसमें क्षेत्र की दर्जनों गर्भवती खून की जांच व इलाज कराने आतीं हैं। गुरुवार को लींगा निवासी ममता, अतरौलिया निवासी शिवरती, क्रांति देवी और उमा देवी आदि आशा कार्यकर्ताओं ने बताया गर्भवती महिलाओं की खून जांच के लिए सीएचसी गए थे।
जहां पर करीब आधा सैकड़ा से अधिक गर्भवती महिलाएं खून जांच के लिए लैब के बाहर खड़ीं थीं। बताया एलटी बीएन नागर महिलाओं की भीड़ देखकर झगड़ा करने लगे। खून जांच के लिए सैंपल किनारे फेंक दिए। सैंपल फेंकते देख उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। उनकी लैब टेक्नीशियन से नोकझोंक हुई। इससे अस्पताल में अफरातफरी का माहौल बन गया। उन्होंने एलटी पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सीएचसी अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। अधीक्षक डॉ. अजय चौरसिया ने कहा शिकायत मिलने पर एलटी को लैब से हटाकर अन्य एलटी को जिम्मेदारी दी गई है। जांचकर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)