सुमेरपुर में खेतों में टावर लगाने का विरोध कर रहे किसानों को समझाते विद्युत विभाग के अधिकारी।
- फोटो : HAMIRPUR
फभरुआसुमेरपुर। कस्बे के 132 केवी पावर हाउस के पीछे लाइन बनाने के लिए किसानों के खेत में बिना अनुमति विद्युत पोल लगाए जाने पर सोमवार को हंगामा खड़ा हो गया। नाराज किसानों ने आपत्ति जताते हुए कार्य ठप करा दिया। पावर कारपोरेशन के अधिकारी किसानों की मान मनौव्वल में जुटे हैं, लेकिन शाम तक समाधान नहीं निकल सका था।
कस्बे के 132 केवी पावर हाउस निर्माणाधीन जेके सीमेंट तक लाइन बिछाने के लिए विद्युत के 25 टावर लगाए जाने हैं। 132 केवी पावर हाउस के पीछे सोमवार को टावर लगाने के लिए खेतों में खोदाई का कार्य चल रहा था। तभी कस्बे की इमिलिया थोक निवासी कमलेश यादव, देवीदीन विश्वकर्मा सहित अन्य किसानों ने मौके पर आकर खोदाई कार्य बंद करवा दिया और विरोध जताते हुए कहा कि बगैर अनुमति के किसी तरह का कार्य नहीं होगा।
कार्य ठप होने की सूचना पर 132 केवी पावर हाउस के विद्युत अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा-बुझाकर कार्य शुरू कराने का प्रयास किया, लेकिन किसानों के आक्रोश के चलते बात नहीं बन सकी।
132 केवी पावर हाउस के अधिशासी अभियंता मुकेश त्यागी ने बताया कि 132 केवी से जेके सीमेंट फैक्टरी तक 25 टावर बनाए जाने हैं। टावर लगाने के लिए किसानों को उचित मुआवजा दिया जाता है, लेकिन यह कार्य पूर्ण होने के उपरांत उपयोग में लाई गई जमीन की नापजोख के बाद दिया जाता है। किसानों को समझाया जा रहा है। जल्द ही समस्या का समाधान कराकर कार्य शुरू कराया जाएगा।