हमीरपुर। लोक निर्माण विभाग के कराए गए कार्यों पर धन के बंदरबाट का आरोप लगा है।
शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री सहित प्रमुख अभियंता विभागाध्यक्ष लोनिवि को शिकायत कर लोनिवि सीडी-2 के खिलाफ जांच कराए जाने की मांग की है। आरोप लगाया है कि लागत से कई गुना फर्जी तरीके से टेंडर गठित कर सरकारी धन का बंटरबाट किया जा रहा है। मामले की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है।
शहर के सुनराही गली मोहल्ला निवासी शिकायतकर्ता प्रियांशु गुप्ता ने शिकायती पत्र देकर बताया कि लोनिवि निर्माण खंड-2, में कार्यरत अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता व अवर अभियंताओं ने भारी घोटाला किया है। कहा कि विभाग में पैच मरम्मत के टेंडर व सड़कों के टेंडर जिन-जिन ठेकेदारों के नाम हुए हैं। लागत से कई गुना अधिक धनराशि फर्जी तरीके से उक्त अधिकारियों द्वारा ठेकेदारों से सांठगांठ करके एक मद से दूसरे मद में बदलकर सरकारी खजाने का बंटरबाट किया जा रहा है।
आरोप लगाया कि मार्च का महीना समाप्त होने से पहले कई करोड़ के फर्जी भुगतान विभिन्न ठेकेदारों के नाम किए जा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने विभाग के सारे बैंक खातों में रोक लगाकर सारे टेंडरों के लेनदेन की शीघ्र जांच कराए जाने की मांग की है। साथ ही दोषी अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री, लोनिवि कैबिनेट मंत्री, प्रमुख सचिव पीडब्लूडी सहित एक्स में भी लिखा है। विभाग के अधिशासी अभियंता दृगपाल वर्मा ने कहा कि शिकायतकर्ता खुद एक ठेकेदार है। जो काफी समय से तनाव में चल रहा है। कहा कि सारे आरोप निराधार हैं।