31वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक में साझा किए विचार
कृषि विज्ञान केंद्र बड़ा में आयोजित हुई बैठक में विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन/बड़ा(हमीरपुर)। कृषि विज्ञान केंद्र बड़ा में 31वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन वीरवार को किया गया। इसकी अध्यक्षता कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार वत्स ने की, जबकि कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. नवीन कुमार और निदेशक अनुसंधान डॉ. सुरेश उपाध्याय विशिष्ट अतिथियों के रूप में शामिल रहे। बैठक में डॉ. राजेश कुमार राणा प्रधान वैज्ञानिक अटारी लुधियाना जोन वन ऑनलाइन जुड़े रहे। कृषि विज्ञान केंद्र बड़ा के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विशाल डोगरा ने वर्ष 2023-24 के दौरान केंद्र की ओर से चलाई जा रही गतिविधियों और कार्यक्रमों का ब्योरा प्रस्तुत किया और वर्ष 2024-25 में की जाने वाली गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की चर्चा की।
मुख्य अतिथि प्रो. दिनेश कुमार वत्स ने किसानों को कृषि को उद्यम के रूप में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने वैज्ञानिकों और किसानों विशेष कर युवाओं से घटती कृषि योग्य भूमि संसाधनों के तहत बढ़ती आबादी को सीखने की चुनौती का सामना करने का आग्रह किया तथा साथ ही किसानों को नवीनतम कृषि प्रौद्योगिकी पर जोर दिया, ताकि खेतों से विमुख हो रहे युवा किसान फिर से कृषि को स्वरोजगार के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित हों। बैठक में उपनिदेशक बागवानी, परियोजना निदेशक आत्मा, उप प्रधान परियोजना निदेशक आत्मा, महाप्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक, उप मंडलीय भूमि संरक्षण अधिकारी, किसान विकास अधिकारी, वन अधिकारी, सचिव विष्णनव, कृ षि उत्पादन बाजार समिति, मीडिया कर्मचारी, आकाशवाणी हमीरपुर से कार्यक्रम प्रबंधक तथा अन्य विभागों से आए हुए अधिकारियों ने भाग लिया।