हमीरपुर। जिला अस्पताल में एक वर्ष बाद रिक्त हड्डी रोग विशेषज्ञ के पद तैनाती हो गई। डाक्टर ड्यूटी ज्वाइन करने के बाद दो दिन का अवकाश लेकर चले गए। एक माह बीतने के बाद कोई संपर्क न होने पर सीएमएस ने शासन को पत्र लिखा है।
जिला पुरुष अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ के दो पद एक वर्ष से रिक्त पड़े हैं। अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। सदर विधायक डा. मनोज प्रजापति के प्रयास के बाद शासन ने एक चिकित्सक की नियुक्ति जिला अस्पताल में पिछले माह की थी। जनपद गाजीपुर से आए चिकित्सक डा. अविशेष गुप्ता ने 11 मई को अपना पदभार ग्रहण कर लिया था। जिससे लोगों को काफी राहत मिली थी, लेकिन 13 मई को सामान लाने के बहाने चिकित्सक ने दो दिन का अवकाश लेकर गए थे। अब तक एक माह का लंबा समय गुजरने के बाद भी चिकित्सक लापता है। फोन काल करने पर रिसीव न होने से जिम्मेदारों को चिंता सता रही है। जिसपर शासन को पत्राचार कर मामले से अवगत कराया गया है।
कोट
शासन स्तर से गाजीपुर से एक हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती 11 मई को की गई थी। बताया कि दो दिन ड्यूटी करने के पश्चात 13 मई को दो दिन का अवकाश लेकर सामान लेने गए चिकित्सक का अभी तक कोई पता नहीं चल रहा है। फोन करने पर फोन भी नहीं उठता है। कहा कि शासन को पत्राचार किया गया है।
डा. आरएस प्रजापति, प्रभारी सीएमएस जिला पुरुष अस्पताल
-------------------
45 किमी दूर से आया इलाज कराने
मौदहा क्षेत्र के लेवा गांव निवासी मरीज रामबाबू ने बताया कि 45 किमी दूर से चलकर हाथ का इलाज कराने जिला अस्पताल आया था, लेकिन यहां हड्डी रोग का कोई चिकित्सक ही नहीं है। जिससे अब कानपुर जाना पड़ेगा।
---------------------
हाथ में लगी चोट नहीं मिला डाक्टर
शहर निवासी मरीज नारेंद्र शुक्ला ने बताया कि उसके हाथ में चोट लग गई है। जिसका एक्सरे तो करा लिया है, लेकिन हड्डी का कोई चिकित्सक ही नहीं है। कहा कि वर्षों से पद रिक्त पड़े हैं।