मौदहा। युवती की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने युवती से दुष्कर्म कर उसका वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी। जिससे आहत होकर उसने शनिवार को जान दे दी।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की शाम युवती ने घर के अंदर दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। मृतका के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर पड़ोसी युवक विमल पर आरोप लगाया कि उसने उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। उसे इंटरनेट में वायरल करने की धमकी दे रहा था। जिससे आहत होकर बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
कोतवाल पवन कुमार पटेल ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, आत्महत्या करने के लिए प्रेरित करने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। साथ ही मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।