कुरारा (हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के खिरवा गांव में निजी नलकूप के ट्रांसफार्मर में आई खराबी मिस्त्री से ठीक कराने के बाद किसान ने कट आउट लगाने को जैसे ही बल्ब लगाने के लिए केबल पकड़ी तो करंट की चपेट में आ गया। उसके चिल्लाने पर पहुंचा बड़ा भाई को भी करंट का झटका लगा। आनन-फानन दोनों को सदर अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने छोटे भाई को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत ठीक है।
खेरबा निवासी शैलेंद्र (32) बड़े भाई के साथ निजी नलकूप में बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे लाइनमैन को लेकर पहुंचा और ट्रांसफार्मर की खराबी ठीक कराने लगा। ट्रांसफार्मर से बिजली आने पर वह नलकूप के अंदर कट आउट से केबल लगाकर बल्ब लगाने लगा। करंट की चपेट में आ गया। बचाने गए बड़े भाई को भी करंट का झटका लगा। मृतक के बड़े भाई सुंदर सिंह यादव ने बताया कि नलकूप के ट्रांसफार्मर में बिजली न आने पर लाइनमैन को साथ लेकर दोनों भाई नलकूप पर गए थे। बताया कि लाइनमैन ने शटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर ठीक कर दिया था। बताया कि मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो बच्चे हैं। हादसे में पति की मौत से पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है।
संविदा कर्मी लाइनमैन रविकांत ने बताया कि किसान के नलकूप के ट्रांसफार्मर में खराबी थी। लाइनमैन रोहित ने शटडाउन लिया और उसने पोल में चढ़कर ट्रांसफार्मर ठीक किया। इसके बाद शटडाउन वापस कर वे लोग चले आए थे। बताया कि शैलेंद्र नलकूप के अंदर बोर्ड से केबल लगा रहा था, तभी हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। अवर अभियंता अभिषेक साहू ने बताया कि विभाग की इस घटना में कोई गलती नहीं है।