सुमेरपुर में डंपर से घायल बाइक सवारों को एंबुलेंस में ले जाते कर्मी।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। बिना हेलमेट तीन सवारियां बाइक चलाना युवक के लिए काल साबित हुआ। कस्बे की फैक्टरी एरिया से घर वापस आ रहे बाइक सवार तीन युवक आगे जा रहे डंपर में घुस गए। तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बाइक चालक की हालत नाजुक होने पर कानपुर रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया।
कस्बे के चांद थोक मोहल्ला निवासी पवन उर्फ कुल्लू धुरिया (22) अपने साथी सुनील (21) व गोनू पंडित के साथ फैक्टरी एरिया से बिना हेलमेट लगाए बाइक से कस्बे की तरफ आ रहे थे। तभी रात करीब साढ़े नौ बजे बड़े पावर हाउस के पास हाईवे में आगे जा रहे एक डंपर में पीछे से घुस गए। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सदर अस्पताल भेजा। जहां पवन उर्फ कुल्लू की हालत नाजुक होने पर कानपुर रेफर किया गया। जहां ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। वहीं सुनील व गोनू पंडित का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। मौत के बाद पवन के परिजन उनके शव को लेकर वापस कस्बे में ले आए और बिना पोस्टमार्टम कराए ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भाई मिजाजीलाल ने बताया कि युवक जिस डंपर से टकराए थे। वह डंपर मौके से भाग निकला है। पवन कार चालक था। कार चलाकर परिजनों का सहयोग करता था।