कुरारा। मंगलपुर गांव में झांड़फूंक कराने के बाद साधु द्वारा दी गई राख के धोखे में किशोरी ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे परिजन जिला अस्पताल लाए। रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मंगलपुर निवासी मुन्नालाल ने बताया कि उनकी पौत्री अनामिका (16) को तबीयत खराब रहने पर बगल के गांव में एक साधु को दिखाया तो उन्होंने भभूती (राख) खाने को दी थी। बताया कि भभूती लेकर घर आए और उसे दीवार के आड़े में रख दिया। शनिवार की शाम अनामिका ने इसी भभूती के धोखे में बगल में पूड़िया में रखा जहर खा लिया। हालत खराब होने पर रात करीब नौ बजे पौत्री को लेकर जिला अस्पताल आए। जहां इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ तो उसे लेकर गांव चले गए।
लेकिन सुबह होते ही फिर हालत बिगड़ गई। तब सुबह फिर लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया है। उन्होंने बताया कि मृतक किशोरी की चार बहनें व एक भाई हैं। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।