हमीरपुर। मौदहा के ग्राम छिमौली में चंद्रावलनदी के किनारे खड़े होकर बाढ़ का नजारा देख रहे तीन बच्चे टीला ढहने से समा गए। जिन्हें ग्रामीणों ने पानी में कूद आनन फानन बाहर निकाला। इस घटना से नदी के आसपास मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मंगलवार की देर शाम कस्बे में बड़ेरी नाला का रपटा पार करते युवक बह गया। पुलिस ने गोताखोरों के जरिए उसकी तलाश में जुटी है।
नगर के छिमौली रोड कांशीराम कालोनी निवासी जहीर अहमद (34) मंगलवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे बड़ेली नाले का रपटा पार करते समय पानी के बहाव में बह गया। जिसे पुलिस गोताखोरों की मदद से तलाशने में जुटी है। क्षेत्र में लगातार बारिश से चंद्रावल नदी उफान पर है। नदी के किनारे बसे छिमौली गांव में मंगलवार की शाम कई बच्चे नदी किनारे टीले में खड़े होकर बाढ़ का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी का टीला ढहने से लखनलाल (9) पुत्र हरिश्चंद्र, अनुज (8) पुत्र राजकरण व रवि (8) पुत्र दुक्खी मिट्टी समेत पानी में नदी के पानी में समा गए। इस पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए नदी में छलांग लगा दी। कुछ ही देर में पानी के बहाव में बहे तीनों बच्चों को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर है। इस घटना से अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।