कुरारा क्षेत्र के कंडौर गांव में आकाशी बिजली से दमींदोज हुआ मकान।
- फोटो : HAMIRPUR
कुरारा (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र के कंडौर गांव में सोमवार तड़के करीब साढ़ेे तीन बजे तेज बारिश के बीच बिजली एक पक्के आवास में गिर गई। आवास में सो रहे मां-बेटे के ऊपर छत का मलबा गिर गया। पड़ोसियों ने वृद्धा को बाहर निकाला, पर दिव्यांग पुत्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कंडौर गांव निवासी भवन दुलारी (65) के पति स्व.लल्लू को वर्ष 2010-11 में आवास मिला था। मृतक के भाई शील कुमार ने बताया कि वह परिवार के साथ दूसरे मकान में रहता है। रविवार को खाना खा पीकर भवन दुलारी के साथ उनका दिव्यांग पुत्र भुवनेश्वर (25) सो गए। सोमवार को तड़के करीब साढ़े तीन बजे बिजली गिरने से आवास की छत भरभराकर गिरने से नीचे सो रहे दिव्यांग भुवनेश्वर व उनकी मां भवन दुलारी मलबे में दब गए। प्रधान प्रतिनिधि उमाशंकर ने बताया गांव के लोगों ने बड़ी मेहनत से मलबा हटाकर दुलारी को निकाल लिया। वहीं भुवनेश्वर को जब तक निकाला उसने दम तोड़ दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है। गंभीर रूप से घायल मां को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इस मामले की सूचना मृतक के भाई शील कुमार ने थाने में दी है। प्रधान प्रतिनिधि उमाशंकर ने कहा कि यह परिवार मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। उन्होंने आर्थिक मदद दिलाए जाने की मांग की है।