मौदहा। कस्बे से बाजार कर साइकिल से घर जा रहे वृद्ध किसान को हाईवे पर छिरका चौराहे के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के रीवन गांव निवासी श्रवण कुमार ने बताया उनके पिता जगदेव प्रसाद तिवारी (75) रविवार को साइकिल से बाजार गए थे।
बाजार करके लौटते समय कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में छिरका चौराहे के पास किसी ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना मिलने पर जब वह लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो पिता लहूलुहान हालत में पड़े मिले। उन्हें कस्बे की सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। (संवाद)