फोटो 08 एचएएमपी 16- छिमौली गांव में दीवार के मलवे से क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर। संवाद
मौदहा। सोमवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदला और तेज हवाओं के साथ छिटपुट बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसी बीच क्षेत्र के छिमौली गांव में एक मकान की कच्ची दीवार भर-भराकर गिर गई। इसकी चपेट में आकर पिता-पुत्र घायल हो गए। वहीं ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हो गया। परिजन ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है।
गांव निवासी देशराज (50) अपने बेटे प्रमोद (20) के साथ सुबह घर पर मौजूद थे। इसी दौरान तेज आंधी चलने से ईंट-गारे से बनी घर की दीवार अचानक ढह गई। प्रमोद की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला और सीएचसी में भर्ती कराया।
बेटे विनोद कुमार ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे अचानक तेज हवा के झोंके से मकान की दीवार गिर गई। हादसे में पिता और भाई के साथ ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हो गया है।