हमीरपुर। खोखाधारकों और नगर परिषद (नप) के बीच चला विवाद कोर्ट तक पहुंच सकता है। इसके लिए खोखाधारकों ने पूरी तैयारी कर रखी है। खोखाधारकों ने नप को पैसे देने से साफ मना कर दिया है, जिससे खोखाधारकों और नप में विवाद बढ़ने की आशंका जताई जा रही थी। सूत्रों की मानें तो खोखाधारकों को पैसे न देने पर खोखों को गिराए जाने की शंका सता रही थी। इसके लिए खोखाधारकों ने 30 साल के पूरे कागजात एकत्रित कर कोर्ट जाने की तैयारी कर ली थी। खोखाधारक अंदर ही अंदर कोर्ट जाने का मन भी बना चुके थे। खोखाधारक नगर परिषद के अगले कदम का इंतजार कर रहे थे।
गौर रहे कि नप ने खोखाधारकों को नए खोखे बनाए जाने के लिए नोटिस भेजे थे, जिसमें खोखा धारकों को 15 मई तक 1 लाख 35 हजार रुपए जमा करवाने के लिए कहा गया है। लेकिन खोखाधारकों ने पैसे देने से मना कर दिया था। लेकिन खोखा यूनियन के प्रधान किशोरी लाल ने मामले को शांत करते हुए खोखाधारकाें को रविवार तक रुकने को कहा है।
खोखा यूनियन के प्रधान किशोरी लाल ने बताया कि वह रविवार को मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल से मिलेंगे। उन्हें पूर्ण उम्मीद है कि मुख्यमंत्री उनकी मांगों को जरूर पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि वह किसी भी सूरत में कोर्ट में नहीं जाएंगे।