राठ(हमीरपुर)। चिकासी थाने के हरदुआ गांव निवासी धीरेंद्र पुत्र भानुप्रसाद ने सोमवार की सुबह जहर खा लिया। युवक की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने झांसी रिफर कर दिया। रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक धीरेंद्र (35) का बड़ा भाई आत्माराम उरई में रहता है। रक्षाबंधन पर वह और उसकी बहन राजाश्री घर पर आए थे। ग्रामीणों ने बताया कि रविवार की शाम धीरेंद्र की किसी बात को लेकर अपने परिजनों से कहासुनी हो गई थी। सोमवार की सुबह उसका बड़ा भाई आत्माराम व बहिन राजाश्री व परिजन गुस्से में उरई जाने लगेे। धीरेंद्र ने उन लोगों को रोकने की कोशिश की जब वे नहीं माने तो क्षुब्ध होकर उसने जहर खा लिया।
वहीं जरिया थाने के इटैलियाबाजा गांव निवासी अखिलेश कुमारी पत्नी फूलसिंह पिछले काफी समय से बीमार चल रही थी। सोमवार को महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने बताया कि महिला हेपेटाइटिस बी की बीमारी से जूझ रही थी। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष रामपाल यादव ने बताया कि महिला बीमार रहती थी।