दो माह पूर्व चालक को बंधक बनाकर लूटी गई स्कार्पियो के मामले का कोतवाली व क्राइम ब्रांच पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने बदनपुर गांव के जंगल से मुठभेड़ के दौरान दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। साथ ही लूटी गई स्कार्पियो बरामद कर ली है। आरोपी अंतर्राज्यीय गिरोह के हैं। ये सुंदर भाटी गैंग के सक्रिय सदस्य हैं।
राजकीय कृषि बीज भंडार अकिल तिराहा निवासी रामश्री पत्नी स्व.मोहनलाल की स्कार्पियो यूपी 91 के 2841 को नीलू सिंह चौहान निवासी भेड़ी थाना जलालपुर, अमर सिंह निवासी सलावा थाना सरधना जनपद मेरठ, बिटटू निवासी मुहम्मदपुर जिला हापुड़ व धर्मेंद्र कुमार निवासी कामबक्सपुर थाना नालिज पार्क जिला गेेटर नोएडा ने 18 मार्च को हमीरपुर से इलाहाबाद के लिए बुक किया था। वाहन को जालौन होकर इलाहाबाद जाना था। कालपी रोड पर कनौटा पौधशाला के पास आरोपियों ने चालक अनुज निषाद निवासी हमीरपुर को मारपीट कर बांध कर डाल दिया और स्कार्पियो लूट ले गए थे।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया था। प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 2:45 बजे कोतवाली के उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, अनिल यादव, क्राइम ब्रांच स्वाट प्रभारी एसआई अनिल कुमार सिंह, सिपाही रणजीत सिंह, रजत कुमार, संदीप कुमार, सतीश कुमार, अनिल कुमार व संदीप पाल कालपी मार्ग में बदनपुर के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे।
इस बीच स्कार्पियो सवार लोगों ने पुलिस को देख फायरिंग शुरू कर दी। जिस पर पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। पुलिस ने आरोपी नीलू सिंह चौहान व अमर सिंह को गिरफ्तार कर लूटी गई स्कार्पियो बरामद की है। जबकि मौके पर से दो आरोपी भाग निकले। कोतवाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने लूट की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात कही है। पकड़े गए आरोपियों को मंगलवार को जेल भेजा जाएगा।