हमीरपुर। जिले के 104 सरकारी व अर्द्धसरकारी विभाग जल संस्थान का 13 करोड़ का पानी पी गए, लेकिन जलकर देने में आनाकानी कर रहे हैं। वहीं विभाग ने सभी विभागों को पत्राचार कर जलकर जमा करने के लिए पत्राचार किया हैै। इनमें सबसे अधिक तीन विभागों विद्युत, जिला पंचायत व लोनिवि का बकाया है। विभाग ने महाप्रबंधक चित्रकूट मंडल जल संस्थान को पत्राचार कर मामले से अवगत कराया है।
जनपद में जल संस्थान सभी शहरी व नगरीय क्षेत्रों में स्थापित सरकारी व अर्द्धसरकारी विभागों को पानी मुहैया कराता है। जिसकी हर वर्ष वसूली भी करता हैए लेकिन पिछले कई वर्षों से करीब 104 विभागों का 13 करोड़ जलकर बकाया है। जिसको जमा कराए जाने के लिए जल संस्थान सभी विभागों को पत्राचार कर चुका हैए लेकिन कोई भी विभाग जलकर का भुगतान नहीं कर रहा है। जिसके चलते विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों का मानदेय भी कई महीनों से अटका है। इसको लेकर विभाग ने महाप्रबंधक चित्रकूट मंडल जल संस्थान को पत्राचार कर मामले से अवगत कराया है।
इन विभागों का बकाया जलकर
विभागीय आंकडों के मुताबिक सबसे अधिक विद्युत विभाग का 23,41085 लाख, जिला पंचायत 18,44127, लोनिवि 19,19392, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का 3,38658, राजकीय इंटर कॉलेज 2,06610, जिला कारागार 3,68565, दूर संचार विभाग 3,15628, माध्यमिक शिक्षा विभाग 3,43750, जिला बार संघ 3,04375, मुख्य चिकित्सा अधिकारी 4,68747 लाख रुपये जलकर बकाया है। इसी प्रकार जिला समाज कल्याण विभाग 1,21875, बेसिक शिक्षा विभाग डेढ़ लाख, राजकीय महिला महाविद्यालय 1,12500, जिला कृषि विभाग 1,46936, सीएमएस (पुरुष) 1,88891, तहसीलदार 1,32812, बीडीओ कुरारा दो लाख, बीडीओ सुमेरपुर 1,53526, बीडीओ मौदहा 1,77335, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मौदहा 1,11316 व विद्युत खंड कालोनी मौदहा का 1,37868 लाख बकाया है।
एई जलसंस्थान राहुल सिंह ने बताया कि जिले के सरकारी व अर्द्धसरकारी करीब 104 विभागों का लगभग 13 करोड़ जलकर बकाया है। जिसकी वसूली के लिए सभी विभागों को पत्राचार करके अवगत करा दिया गया है। वहीं महाप्रबंधक जल संस्थान को भी सूचित किया गया है। कहा कि जलकर की वसूली न होने से विभाग के सामने अनेक समस्या उत्पन्न हैं।