सिद्धार्थनगर में तैनात सिपाही मनीष कुमार गौड़ (28) ने गोरखपुर में कैंट के दिव्यनगर स्थित अपने आवास पर फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। बुधवार की रात 9 बजे माता-भाई के साथ भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए थे।
बृहस्पतिवार की सुबह भाई अवनीश उन्हें जगाने गया तो देखा कि छत के कुंडे से रस्सी के सहारे मनीष का शव लटका है। भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घरवाले खुदकुशी की वजह नहीं बता पा रहे हैं। वहीं दबी जुबान चर्चा है कि सिपाही का एक युवती से प्रेम संबंध था और शादी टूटने के बाद से वह अवसाद में था।
देवरिया, सलेमपुर के धनतौरी गांव निवासी मनीष के पिता अशोक गौड़ भी पुलिस विभाग में सिपाही थे। 22 जून 2011 में खोराबार इलाके में शातिर बदमाश टोनी ओझा और मनोज ओझा ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।