12वीं की छात्रा से दुष्कर्म, वीडियो भी बनाए
पीड़िता ने गांव के ही चार युवकों का नाम लिया
सोनहा थानाक्षेत्र में रविवार देर शाम की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर (बस्ती)। सोनहा थाना क्षेत्र की 12वीं की छात्रा को गन्ने के खेत में दबोचकर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। इसमें वीडियो क्लिप भी बनाई गई है। सोमवार की सुबह वारदात की जानकारी होते ही आईजी/डीआईजी आशुतोष कुमार और एसपी पंकज कुमार, स्वाट टीम के साथ गांव में पहुंचे और परिवार वालों एवं पीड़िता से बातचीत की। आईजी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर गांव के ही चार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चारों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग चार टीमें बनाई गई हैं। इसकी एसपी मॉनीटरिंग कर रहे हैं।
17 वर्षीय पीड़िता की तहरीर के अनुसार उसके पिता और चाचा रोजगार के सिलसिले में मुंबई रहते हैं। घर पर बाबा-दादी और अन्य लोगों के साथ वह गांव में रहती है। रविवार को परिवार के बाकी लोग खेत में धान की रोपाई करने गए थे। इसी बीच वह घर से पांच सौ मीटर दूर गन्ने के खेत में शौच के लिए गई। जहां गांव के असगर, हलीम, मनोज और सतीश जा पहुंचे और चारों तरफ से घेर लिया। असगर ने दुष्कर्म किया, जिसकी हलीम ने वीडियो बना ली। मनोज और सतीश भी वहीं मौजूद रहे। चारों ने धमकी दी कि किसी को कुछ बताया तो जान से मार देंगे। किसी तरीके से उनके चंगुल से छुड़ाकर छात्रा घर पहुंची और आपबीती बताई। परिवार के लोगों ने इसकी सौ नबर पर सूचना दी लेकिन पुलिस गांव में जाकर लौट गई थी। सुबह आला अफसरों के संज्ञान में प्रकरण आने के बाद मुकामी पुलिस हरकत में आई। इस बीच चारों आरोपी घर छोड़कर फरार गए। पुलिस ने रेप, छेड़खानी, पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में चारों आरोपी युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर धरपकड़ का प्रयास शुरू कर दिया है।
एनकाउंटर में पकड़ा गया दुष्कर्म का आरोपी
हरदिया ओवरब्रिज के पास हुई मुठभेड़, बाएं पैर में लगी गोली
सोनहा क्षेत्र की छात्रा से दुष्कर्म और वीडियो बनाने का आरोप
घायलावस्था में जिला अस्पताल के गुप्त कमरे में इलाज करा रही पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। सोनहा क्षेत्र की 12वीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म के मुख्य आरोपी असगर को पुलिस ने एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया। फोरलेन के पास स्थित हरदिया ओवरब्रिज के पास घेरने पर उसने पुलिस पर फायर किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली उसके बाएं पैर के घुटने में जा लगी। इसके बाद हाथ से पकड़कर वहीं वह बैठ गया। घायलावस्था में पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। आईजी आशुतोष कुुमार और एसपी पकंज कुमार के भी अस्पताल पहुंचने की सूचना है।
सीओ सिटी आलोक सिंह के नेतृत्व में स्वाट प्रभारी विक्रम सिंह और इंस्पेक्टर सोनहा की टीम ने सोमवार देरशाम फोरलेन से कुछ दूर स्थित हरदिया ओवरब्रिज के पास घेरेबंदी की। स्वाट प्रभारी के अनुसार रैपुरा पुलिया के पास से होकर एक शख्स पैदल हाईवे की तरफ जाता दिखा। टीम के साथ मौजूद मुखबिर ने हुलिया देखकर पुष्टि की कि रविवार को सोनहा क्षेत्र में छात्रा से दुष्कर्म करने वाला असगर है। पहचान होने के बाद पुलिस ने उसे रोकना चाहा तो कमर में खोसी नाइन एमएम पिस्टल से उसने फायर झोंक दिया। दो गोली दागकर भागते समय वह पुलिस की गोली का शिकार हो गया।
यह है घटनाक्रम
रविवार शाम घर से शौच गई किशोरी के गांव के ही चार लड़के पीछे आ गए। उनमें से एक असगर ने दुष्कर्म किया और साथ गए हलीम ने वीडियो बना डाला। बाकी दो लड़के धमकाते रहे कि किसी से शिकायत की तो जान से मार देंगे। सोमवार की सुबह पीड़िता की तहरीर पर सोनहा पुलिस ने असगर समेत चार आरोपियों के विरुद्ध बलात्कार सहित विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया। मौके पर आईजी, एसपी सहित अधिकारियों के पहुंचने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। इसी बीच पुलिस की स्वाट टीम ने शाम होते-होते एक को मुठभेड़ में दबोच लिया। घटना में शामिल हलीम, मनोज चौधरी और सतीश शर्मा को भी पुलिस जल्द गिरफ्त में लेने का दावा कर रही है।