एमएलसी सीपी चन्द के भाजपा में जाने की अटकलें
गोरखपुर। महराजगंज और गोरखपुर स्थानीय निकाय क्षेत्र से सपा एमएलसी सीपी चन्द के भाजपा में शामिल होने की चर्चा है। सपा नेता आनंद भदौरिया ने सीपी चन्द के साथ ही बलिया से एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू और हमीरपुर से एमएलसी रमेश मिश्र की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ की फोटो फेसबुक पर डाली है।
सपा नेता आनंद ने लिखा है कि कमाल है! कल तक ‘दागदार’ थे, भाजपा डिटर्जेंट में धुलकर आज से कुछ और नेता बेदाग हो गए। सत्ता की झाग वाली इस स्वार्थ की चमक जनता भी अच्छे से पहचानती हैं। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि सीपी चन्द सहित कई एमएलसी भाजपा का दामन थाम सकते हैं। हालांकि महराजगंज और गोरखपुर स्थानीय निकाय क्षेत्र से एमएलसी ने भाजपा में जाने की खबरों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उनकी मुलाकात अनौपचारिक थी। वह गोरखपुर के रहने वाले हैं। गोरक्षपीठाधीश्वर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अक्सर मुलाकात होती रही है।