देवरिया में तोड़फोड़ और आगजनी के आरोपी रामकोला विधायक रामानंद बौद्ध की जिला जेल आते ही तबीयत बिगड़ गई। बुधवार को जेल आने के बाद ही उन्होंने अधीक्षक से पर्ची दिखाकर कुछ दवाएं मांगी। वह ब्लड प्रेशर और हृदय रोग से पीड़ित हैं। जेल प्रशासन ने उनकी दिक्कत को देखते हुए जेल के अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
जेल अधीक्षक केपी त्रिपाठी ने बताया कि विधायक रामानंद बौद्ध को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके लिए जरूरी दवाओं का प्रबंध किया जा रहा है। बता दें कि जिला जेल में बंद रहे नौरंग सिंह की पुलिस पिटाई के कारण मौत की झूठी सूचना पर विधायक के नेतृत्व में लोगों ने कुशीनगर के जगदीशपुर चौराहे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था।
विधायक पर संतोष पाण्डेय नामक व्यक्ति के घर में घुसकर तोड़फोड़ का भी आरोप है। पुलिस ने इस मामले में लेखपाल की तहरीर पर विधायक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। उधर, संतोष पाण्डेय की तहरीर पर भी तोड़फोड़ व आगजनी का केस दर्ज हुआ था। पहले केस में उन्हें गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। इसे निरस्त कराने के लिए विधायक बुधवार को कुशीनगर के एडीजे कोर्ट में पहुंचे थे। इस मामले में वारंट रद्द हो गया, लेकिन संतोष पाण्डेय की तहरीर पर दर्ज केस में जारी वारंट पर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था।