पानी जैसा पारदर्शी फर्श और उसके नीचे तैरती मछलियां, कछुए समेत अन्य प्रकार के जलीय जंतु। चिड़ियाघर के इंटरप्रेटेशन सेंटर में आने वालों को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिलेगा। वन मंत्री दारा सिंह चौहान ने इंटरप्रेटेशन सेंटर के फर्श को कुछ ऐसा ही बनाने का सुझाव दिया है जिसके बाद कार्यदायी संस्था और चिड़ियाघर प्रशासन फर्श की डिजाइन में बदलाव करने में जुट गया है।
नए साल में शहर के लोगों को चिड़ियाघर की सौगात तो मिलेगी ही, इस चिड़ियाघर परिसर में एक ठिकाना ऐसा भी होगा जो दूसरी वजह से आकर्षण का केंद्र बनेगा। गोरखपुर दौरे के दौरान वन पर्यावरण एवं जंतु उद्यान विभाग मंत्री दारा सिंह चौहान ने इंटरप्रेटेशन सेंटर के फर्श की डिजाइन में बदलाव का सुझाव दिया था।