इंसेफेलाइटिस से बीते 24 घंटे में पांच और लोगों ने दम तोड़ दिया है। इसके साथ ही जनवरी से अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 115 पहुंच गई है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज में आठ नए मरीजों को भर्ती किया गया है।
बारिश के मौसम में इंसेफेलाइटिस के मरीजों की संख्या बड़ी तेजी बढ़ी है। दवाओं की कमी के बीच ही मौतों की संख्या बढ़ने से अस्पताल की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि मेडिकल कॉलेज प्रबंधन का दावा है कि मरीजों के इलाज में किसी तरह की कोताही नहीं बरती जा रही है। पिछले 24 घंटों में अस्पताल में भर्ती गोरखपुर झंगहा की पूनम (35) पत्नी अमित, देवरिया के छेरियावा की संध्या (12) पुत्री पिंटू, कुशीनगर पटहेरवा की खुशी (2.5) पुत्री कमलेश, कुशीनगर पड़रौना की मोहिनी (4.5) पुत्री नरेश, बस्ती वाल्टरगंज के विवेक (3.5) पुत्र शिवकुमार की मौत हो गई, जबकि गोरखपुर के चार, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर और बिहार के एक-एक मरीज को भर्ती किया गया है।