ढाई दशक से मासूमों की मौत की वजह बनी इंसेफेलाइटिस के इलाज को लेकर स्वास्थ्य महकमे की कवायद बेअसर ही है। आज भी मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ने वाले मासूमों में 60 फीसदी ऐसे होते हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार ही नहीं मिल पाता या फिर झोलाछाप डॉक्टर केस बिगाड़ चुके होते हैं। आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो मेडिकल कॉलेज में होने वाली मौतों में बड़ी संख्या ऐसे बच्चों की होती है जो केस बिगड़ने के बाद पहुंचते हैं और भर्ती होने के चंद घंटे बाद ही जान गवां देते हैं।
इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतों को कम करने के लिए हर साल ही नए-नए कवायद शुरू की जाती है। मगर इन कवायदों की जमीनी हकीकत कभी वास्तविकता का रूप नहीं ले पातीं, जिससे मौतों के आंकड़े बढ़ते चले जाते हैं। मेडिकल कॉलेज में इस साल भी अब तक 120 मौतें हो चुकी हैं। डॉक्टरों की मानें तो इसमें से 60 फीसदी मौतें हुईं जरूर कॉलेज में, मगर वे जब आए थे तो उनकी स्थिति बहुत ही गंभीर थी।
स्वास्थ्य विभाग ने पिछले साल ही ईटीसी (इंसेफेलाइटिस ट्रीटमेंट सेंटर) पर जोर दिया था, मगर आज तक इसे ठीक से क्रियाशील नहीं किया जा सका। रात में शायद ही कभी यहां डॉक्टर मिलते हैं। खुद सीएमओ ने भी जब जांच की तो इसकी हकीकत सामने आ गई। अभी शनिवार को ही जंगल कौड़िया के ईटीसी सेंटर पर न तो डॉक्टर मिले और न ही दवाएं, उपकरण। जबकि इसे बनाने का उद्देश्य यही था कि झोलाछाप डॉक्टरों के पास मरीज न जाएं और उन्हें प्राथमिक इलाज देकर जान बचाई जा सके।
मरीजों के इलाज में शुरुआत से ही लापरवाही होती है। मैं चार महीने से इंसेफेलाइटिस के 100 बेड का इंचार्ज हूं। इस दौरान मैंने जो केस देखे, उनमें 60 फीसदी मौतें ऐसे बच्चों की हुई जिन्हें प्राथमिक उपचार नहीं मिला या फिर उनका गलत इलाज हुआ। केस बिगड़ने पर ऐसे बच्चों को मेडिकल कॉलेज भेज दिया जाता है। ऐसे में इलाज सिर्फ औपचारिकता मात्र रह जाती है। बच्चों को जो डीएनएस चढ़ाया जाता है, उसका भी तय मानक होता है और अक्सर यहीं पर झोलाछाप डॉक्टर केस बिगाड़ देते हैं। ईटीसी को क्रियाशील करके बहुत हद तक ये जान बचाई जा सकती है।
- डॉ. कफील खान, वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ
इंसेफेलाइटिस से तीन और की मौत, 15 भर्ती
इंसेफेलाइटिस से मेडिकल कॉलेज में बीते 48 घंटे में तीन और लोगों ने दम तोड़ दिया है। वहीं, पंद्रह नए मरीजों को भर्ती किया गया है। पिछले 48 घंटों में अस्पताल में भर्ती गोरखपुर चिलुआताल की मुस्कान (5) पुत्री सागर, कुशीनगर के जटहां के दुक्खी (5) पुत्र सुरेश, बड़हलगंज की काजल (13) पुत्री रमेश चंद्र की मौत हो गई, जबकि गोरखपुर के चार, देवरिया के तीन, सिद्धार्थनगर एक, संतकबीरनगर दो, कुशीनगर तीन, गोंडा और महराजगंज के एक एक मरीज मरीज को भर्ती किया गया है।
डॉ. कफील हुए स्थायी
संविदा पर काम कर रहे डॉ. कफील खान को स्थायी नियुक्ति दे दी गई है। उन्हें मेडिकल कॉलेज के इंसेफेलाइटिस वार्ड का इंचार्ज बनाया गया है। सोमवार की दोपहर उन्होंने ज्वाइनिंग की प्रक्रिया पूरी की। प्राचार्य प्रो. राजीव मिश्रा ने बताया कि स्थायी होेने के बाद उन्हें ज्वाइन करा दिया गया है और वह पहले की तरह ही काम देखेंगे। उनके नियमित होने से एमसीआई के दौरे में भी कॉलेज को फायदा होगा।