रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की सूचना पर चेंकिग करती पुलिस।
- फोटो : shivharsh
पुलिस कंट्रोल रूम में रेलवे स्टेशन उड़ाने की धमकी से हड़कंप मच गया। सोमवार दोपहर सवा दो बजे के करीब सूचना आने के बाद से ही जीआरपी, रेलवे पुलिस सक्रिय हो गई। वहीं सूचना मिलते ही एसपी सिटी हेमराज मीणा, सीओ कैंट अभय मिश्रा खोजी कुत्तों, बम निरोधक दस्ते के साथ स्टेशन पर पहुंच गए। ट्रेन और स्टेशन की सघन जांच की गई। इस दौरान न तो कोई संदिग्ध मिला और न ही आपत्तिजनक सामान बरामद हुए। उधर, जिस नंबर से कॉल आई थी, उसकी लोकेशन पश्चिमी यूपी में मिली है। पुलिस इसे किसी की शरारत मान रही है। स्टेशन की सुरक्षा को लेकर चौकसी बरती जा रही है।
सोमवार को दोपहर सवा दो बजे पुलिस कंट्रोल रूम में टेलीफोन की घंटी घनघना उठी। कॉल करने वाले ने बिना नाम बताए कहा कि रेलवे स्टेशन को बचा सकते हो तो बचा लो वरना थोड़ी देर में वहां ब्लास्ट होगा। सूचना तत्काल रेलवे पुलिस को सूचना दी गई। इसके साथ ही पुलिस भी स्टेशन पर पहुंच कर ट्रेनों समेत प्लेटफॉर्मों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच एसपी सिटी भी फोर्स के साथ पहुंच गए। करीब दो घंटे तक स्टेशन की जांच की गई लेकिन कोई भी आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। सीओ जीआरपी तनवीर अहमद खान ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम में स्टेशन उड़ाने की सूचना आई थी। जांच की गई है, कहीं कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। सूचना देने वाले की तलाश की जा रही है।