बोलेरो के अंदर बोरे में छिपाकर रखी गई थी 110 बोतल शराब
- फोटो : अमर उजाला
आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर जिले भर में पुलिस का तलाशी अभियान जारी है। इस क्रम में रविवार की देर रात आदमपुर पुलिस ने एक बोलेरो से चार लाख 21 हजार पांच सौ रुपए बरामद कर सीज कर दिए।
वहीं, सोमवार को सारनाथ पुलिस ने एक बोलरो से 110 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक को गिरफ्तार किया।
राजघाट पुल के पास रविवार की रात करीब डेढ़ बजे पड़ाव की ओर से आ रही बोलेरो को आदमपुर पुलिस ने रुकवाया। बोलेरो सवार आठ लोगों को उतरवा कर तलाशी गई। बोलेरो सवार आजमगढ़ के फूलुपर के मधुपुर के अनुराग सिंह के पास से दो लाख 17 हजार, मिर्जापुर के लालगंज के पतुलकी के अभिषेक के पास से एक लाख 34 हजार और मिर्जापुर के जमालपुर के प्रतापपुर के प्रेमशंकर मौर्या के पास से 70 हजार पांच सौ रुपए बरामद हुए।
पूछताछ में तीनों ने खुद को जौनपुर स्थित एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताया लेकिन रुपयों के संबंध में कागजात नहीं प्रस्तुत कर सके। पुलिस ने रुपए सीज कर तीनों को छोड़ दिया।
उधर, आशापुर में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो से चार कार्टन और दो बोरी में हरियाणा निर्मित 110 बोतल अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने बोलेरो सीज कर मऊ जिले के रानीपुर के अलाउद्दीनपुर नेवादा निवासी चालक जनार्दन उर्फ दरोगा यादव को गिरफ्तार कर लिया।