ट्यूशन पढ़ने वाली स्टूडेंट से प्यार और पारिवारिक अड़ंगे की वजह शादी न होने से निराश सेंट जोसफ स्कूल के शिक्षक रोहित सिंह ने जहरीला पदार्थ खाकर को जान दे दी। जान देने से पहले रोहित ने व्हाट्स एप से सूचना भी वायरल की।
तीन पेज सुसाइड नोट लिखकर बताया कि लड़की और उसके परिवार वालों ने मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। धन उगाही की, फिर भी शादी से इंकार कर दिया। जहरीला पदार्थ खाने से पहले शिक्षक ने स्टूडेंट की तमाम आपत्तिजनक फोटो भी सोशल मीडिया पर डाल दी थी।
सहजनवां के रहने वाले रिटायर्ड लेखपाल रामजी सिंह भगत चौराहे के पास स्थित सिद्धार्थनगर कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। छोटा बेटा रोहित सिंह (30 साल) सेंट जोसेफ खोराबार में साइंस के शिक्षक थे।
कुछ साल पहले रोहित नौतनवां क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की को ट्यूशन पढ़ाते थे। वह रोहित के घर के पास ही रहती है। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद लड़की बीटेक करने बाहर चली गई लेकिन टेलीफोन पर उसकी रोहित से बातचीत होती थी।
इसी बीच रोहित ने लड़की के सामने शादी का प्रस्ताव भी रखा लेकिन पारिवारिक अड़ंगा लग गया। लड़की के परिवार वाले शादी के लिए तैयार नहीं हुए और इसे लेकर विवाद भी हुआ। इसको लेकर रोहित तनाव में थे।
गत बुधवार को भी रोहित पढ़ाने स्कूल गए थे। कक्षा लेने के बाद निकले और देररात जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो वे रोहित को पास के एक अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही रोहित के घर जाकर उनके कमरे की छानबीन की। पुलिस ने तीन पेज का सुसाइड नोट भी बरामद किया है। इसमें मौत की वजह लड़की और उसके मां-बाप, भाई को बताया गया है। इस मामले में अभी किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।